गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 - 21:39
हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की ‘वफ़ात’ और ‘शहादत’ में विरोधाभास से जुड़ी शंकाओं का जवाब

कुछ लोगों ने यह शंका व्यक्त की है कि शिया विद्वान और बुज़ुर्ग स्वयं भी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की शहादत को स्वीकार नहीं करते, क्योंकि वे आपके लिए ‘वफ़ात’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं। इस शंका के जवाब में कहा जा सकता है कि ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग प्राकृतिक मृत्यु और शहादत, दोनों के लिए किया जाता है। शिया और सुन्नी विद्वानों की पुस्तकों में अन्य शहीदों के लिए भी इसी शब्द का इस्तेमाल किया गया है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वहाबी और शिया-विरोधी तत्वों की ओर से कुछ सहाबा द्वारा हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) के सम्मान को ठेस पहुँचाने की घटना का खंडन करने के लिए जिन शंकाओं को प्रस्तुत किया जाता है, उनमें एक यह भी है कि शिया विद्वान और बुज़ुर्ग स्वयं आपकी शहादत को स्वीकार नहीं करते, क्योंकि वे आपके लिए ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग करते हैं।

इस आपत्ति के जवाब में निम्नलिखित बिंदु ध्यान देने योग्य हैं।

1. पवित्र क़ुरआन में ‘वफ़ात’ शब्द का सामान्य अर्थ

पवित्र क़ुरआन में ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग मृत्यु के व्यापक अर्थ में किया गया है। उदाहरण के तौर पर, सूरह ज़ुमर की आयत 42 में अल्लाह तआला फ़रमाता है:

“अल्लाह ही मृत्यु के समय प्राणों को अपने क़ब्ज़े में लेता है और जो अभी नहीं मरा है, उसकी आत्मा को भी नींद के दौरान अपने क़ब्ज़े में ले लेता है। फिर जिसकी मृत्यु का फ़ैसला कर चुका होता है, उसकी आत्मा को रोक लेता है और दूसरी आत्मा को एक निर्धारित समय तक के लिए वापस भेज देता है। निस्संदेह, इसमें विचार करने वालों के लिए निशानियाँ हैं।” (सूरह ज़ुमर, आयत 42)

इस आयत से स्पष्ट होता है कि क़ुरआन में ‘वफ़ात’ का अर्थ केवल प्राकृतिक मृत्यु तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मृत्यु के व्यापक अर्थ को समाहित करता है। इसलिए हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) के लिए ‘शहादत’ के साथ ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग करना किसी प्रकार का विरोधाभास नहीं है, क्योंकि यह शब्द अपने सामान्य अर्थ में मृत्यु को व्यक्त करता है।

2. शिया और सुन्नी विद्वानों की पुस्तकों में ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग

प्राचीन और आधुनिक शिया तथा सुन्नी विद्वानों की पुस्तकों में भी ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग अपने व्यापक अर्थ में किया गया है। शिया विद्वानों द्वारा इस शब्द के इस्तेमाल का यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि वे हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की शहादत को स्वीकार नहीं करते।

इसका प्रमाण यह है कि अन्य हस्तियों की शहादत को स्वीकार करने वाले विद्वानों ने भी उनके लिए ‘वफ़ात’ शब्द का इस्तेमाल किया है। इस संबंध में कुछ उदाहरण प्रस्तुत किए जाते हैं।

पहला उदाहरण: हज़रत जाफ़र तय्यार और ज़ैद बिन हारिसा के संबंध में शेख़ सदूक़ की रिवायत

शेख़ सदूक़ ने हज़रत जाफ़र बिन अबी तालिब और ज़ैद बिन हारिसा की वफ़ात की ख़बर रसूले ख़ुदा (स) तक पहुँचने के संबंध में एक रिवायत नक़ल की है। इसके अनुसार, जब भी पैग़म्बर (स) अपने घर तशरीफ़ लाते, तो इन दोनों की जुदाई में आपका रोना बहुत बढ़ जाता था।

रिवायत में है कि पैग़म्बर (स) फ़रमाते थे कि वे दोनों मुझसे बातें करते थे और मुझे अपनापन महसूस कराते थे, लेकिन अब दोनों ही चले गए।

स्रोत: इब्ने बाबविया, मन ला यहज़ुरहुल फ़क़ीह, इस्लामी प्रकाशन संस्थान, भाग 1, पेज 177।

दूसरा उदाहरण: इमाम ज़ैनुल आबेदीन (अ) की विलादत के संबंध में इब्ने शहर आशूब का कथन

इब्ने शहर आशूब ने इमाम ज़ैनुल आबेदीन (अ) की जन्मतिथि का उल्लेख करते हुए लिखा है कि आपका जन्म अमीरुल मोमिनीन इमाम अली (अ) की वफ़ात (शहादत) से दो वर्ष पहले हुआ था।

यहाँ इमाम अली (अ) की शहादत को स्वीकार करते हुए भी ‘वफ़ात’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि इस शब्द का प्रयोग अपने आप में शहादत की नकार का प्रमाण नहीं है।

स्रोत: इब्ने शहर आशूब, मनाक़िब आले अबी तालिब, प्रकाशन अल्लामा, भाग 4, पेज 175।

तीसरा उदाहरण: सुन्नी पुस्तकों में शहीद हस्तियों के लिए ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग

सुन्नी विद्वानों की पुस्तकों में भी इस्लाम के आरंभिक दौर की दो महान शहीद हस्तियों, हज़रत हमज़ा (रज़ि.) और हज़रत जाफ़र तय्यार (रज़ि.), के संबंध में ‘वफ़ात’ शब्द का प्रयोग मिलता है।

इब्ने अबी शैबा ने अपनी पुस्तक अल-मुसन्नफ़ में हज़रत जाफ़र (रज़ि.) की वफ़ात की ख़बर का उल्लेख करते हुए लिखा है कि जब यह ख़बर पहुँची, तो रसूले ख़ुदा (स) के चेहरे पर ग़म के प्रभाव स्पष्ट दिखाई देने लगे।

स्रोत: इब्ने अबी शैबा, अल-मुसन्नफ़, मक्तबतुर्रुश्द, َभाग 3, पेज 62 तथा भाग 7, पेज 414।

निष्कर्ष

अब सवाल यह है कि क्या केवल हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) के लिए ‘वफ़ात’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने के आधार पर यह शंका उत्पन्न करना उचित है कि आपकी शहादत की घटना ऐतिहासिक रूप से स्वीकार्य नहीं है?

उपर्युक्त उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि ‘वफ़ात’ शब्द का इस्तेमाल अपने आप में शहादत की नकार नहीं करता। इसलिए केवल इस शब्द के आधार पर हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स) की शहादत के संबंध में शिया विद्वानों के दृष्टिकोण पर आपत्ति करना उचित नहीं है।

स्रोत: पायगाहे जामे फ़िरक़, अदयान व मज़ाहिब (धार्मिक संप्रदायों और धर्मों के तुलनात्मक अध्ययन का केंद्र)।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha